Saturday, 4 February 2012

          श्रम वंदना
चलो  साथी  वंदना   श्रम   की   करें ।
चलो  साथी  वंदना   श्रम   की   करें।। 
डर  रहे   नर -  नारि   अपनी  आग से
चलो  आँखें  कभी  तो  नम  भी  करें । 
चलो  साथी  वंदना   श्रम   की   करें।। 

आदमी  का  मूल्य  क्यों  कम हो रहा 
आदमी  का  चैन-सुख  क्यों  खो  रहा
आदमी   से   क्यों   बड़ा   पैसा   हुआ
चलो  बातें  कभी  उस  धन  की करें ।
चलो  साथी  वंदना   श्रम   की   करें।। 
 
रोटियाँ   जो   खा   रहा  मेहनत  बिना 
मौज  जोकि  उड़ा  रहा  मेहनत  बिना
बोझ   जो   शैतान   धरती   का   बना
चलो   बातें   क्रूर   मौसम   की   करें।
चलो  साथी  वंदना   श्रम   की   करें।। 

ढोक   ढेरों    दे   चुके   हैं   मंदिरों   में 
ख़ाक  छानी मस्जिदों गिरिजाघरों में 
खूब    उनकी   रोशनी   की   बात  की 
चलो   बातें  कभी  तो  तम  की   करें।
चलो  साथी  वंदना   श्रम   की   करें।। 

आमजन  पीड़ा  में  हो  भय-ग्रस्त  हो
दुःख के अंतिम छोर पर जब मृत्यु हो
जिन्दगी   फुटपाथ   पर  घायल  पड़ी
चलो  बातें  तब  तो  मरहम  की  करें।
चलो  साथी  वंदना   श्रम   की   करें।। 

भेद   हर   पल   क्यों  बढ़ाते  जा  रहे
भेद  के  बल  पर  क्यों  रोटी  खा  रहे
छोड़  करके  'शून्य' सब लफ्फाजियाँ
चलो   बातें   अब   परिश्रम  की  करें।
चलो  साथी  वंदना   श्रम   की   करें।। 
                                                    - शून्य आकांक्षी


Sunday, 29 January 2012


शून्य आकांक्षी के दोहे



अगर धनिक के सामने, फैलाए नहिं हाथ |
इसका मतलब मत लगा, भूखा नहीं अनाथ ||२4अ||

अगर धनिक के सामने, फैलाए नहिं हाथ |
इसका मतलब यह नहीं, भूखा रहे अनाथ ||24ब||

अति आकाँक्षा की डगर, जाती रेगिस्तान 
'शून्य' कहे जन से जुड़ो, उपजे नखलिस्तान ||

 अपना तो बस धर्म यह, जो चाहे अपनाय |
भूखे को रोटी मिले, प्यासा पानी पाय ||32
||
 


आइना जो कुछ कह रहा, वो मत मानो साँच |
भीतर मेरे झाँक कर, देखो सुलगी आँच ||7||


आज विदेशी, देश में, हुए खड़े बाजार |
देशी ने सम्मान में, बेच दिया घरवार ||50||

आप सभी कुछ जानते, फिर भी बिलकुल मौन |
बहुएँ घर में जल रहीं, उत्तर देगा कौन ||5||

आस-पड़ोसी, दोस्त सब, नाते, रिश्तेदार |
पति-पत्नी, भाई-बहन, हुए सभी व्यापार ||36||

आँसू मेरे नैन की, चिट्ठी हैं बेनाम 
जब-तब गम औ' दर्द का, दे देते पैगाम ||
 
उनके घर में सदा ही, वास करे उजियार |
मेरे हिस्से अँधेरा, कब तक हो इंतज़ार ||3||

एनएफआईआर खान में, रतन बड़े गुणवान |
भटनागर, मूर्ती, सिन्हा, राघवैया व गुमान ||33
||


क्यों इतराते जिस्म पर, जिसको जाना छोड़ |
प्रेम करो इंसान से, दे भगवान से जोड़ ||55||

क्यों करते हो दुश्मनी, क्यों पाते हो बैर |
प्यार-बीज बोओ अगर, प्यार करेगा गैर ||62||

क्यों विरोध में नारि के, नियम, परम्परा, घात |
अग्नि-परीक्षा है कभी, कभी जुआ-सौगात ||27||


क्रिकेट के इस गेम में, खेल हो गया गौण |
हुए खिलाड़ी अब बड़े, क्रिकेट-प्रेमी मौन ||35||

कभी धूप, छाया कभी, आये अनगिन मोड़ |
सरल, वक्र चलता रहा, उपलब्धि बेजोड़ ||53||

कर्म क्षेत्र को समय कम, बहु आकांक्षी लोग |
भाँति-भाँति के भरम हैं, भाँति-भाँति के रोग ||29
||


कली कहे जब डाल पर, मुस्काता हर गात |
कैसे भूलूँगी भला, वो तूफानी रात ||23||

कुर्सी की अब जंग है, कुर्सी ही मैदान |
काबिज वे सब जगह हैं, कुर्सी जिन ईमान ||13||


ग्रंथी बैठी बुद्धि में, दूर करे अभ्यास |
सत्संग उसको ही कहें, उपजे जहाँ प्रकाश ||43||

ग़ज़ल कहो, दोहा कहो या फिर गाओ गीत |
दिल से जब हो साधना, साधे सुर संगीत ||17||

गहराई धन की नदी, गयी भावना सूख 
ह्रास मानवीय मूल्य का, हुआ मिटे किम भूख ||

गीता को यदि समझना, समझो पहले आप |
कृष्ण आपकी आत्मा, प्रथम शुद्ध कर जाप ||44||

चमचा-मालिक मंत्र जे, सिग पीढ़ी तर जाहिं 
जो मालिक कहता करो, जो करता बो नाहिं ||
 
चूल्हे से मैंने कहा, बुझी हुई क्यों आग |
बोला दिल में जल रही, जाग सके तो जाग ||49||

ज्यों-ज्यों चढ़ता छिड़कते, चमचे नकली इत्र |
काश मुझे मिल जायं वे, पहले वाले मित्र ||20||


जब तक चीख पुकार है, तब तक प्रकृति है नाय 
जंगल हो खामोश जब, नदिया तब ही गाय ||

जब तक दिल में फासले, तब तक दुखिया गाँव 
'शून्य' प्रेम-रस घोलता, छुए अमीरी पाँव ||
  
जयपुर, चेन्नई, गुहाटी, बम्बई, देहरादून |
कलम शिथिल हो जाय पर, खौले धमनी खून ||18
||


जो दोस्तों से कर रहा, भाँति-भाँति के बैर |
उससे खुश होंगे भला, अपरिचित और गैर ||61||

जंगल छोड़ा आ गया, मैं तो शहर के द्वार |
पता नहीं था यहाँ भी, मिलें भेड़िये, सियार ||48||

जाने-अनजाने कभी, मत माँगो तुम मौत 
कौन भला नारी यहाँ, चाहे अपनी सौत ||25||


जितने अनुभव कसैले, उतने मीठे गीत 
मिलते गहरे घाव तिन, जिनके गहरे मीत ||
 
जिसका था फुटपाथ पर, राज मरा वो आज |
रख देना तुम कब्र पर, दो रोटी इक प्याज ||8||

जीवन जीना है सरल, खौफ रहे यदि दूर |
प्यार करो पूरी तरह, प्यार मिले भरपूर ||40||

डॉक्टर रोता पूस में, जेठ हाँफता कूप 
सावन डरती चाँदनी, माघ काँपती धूप ||
 
तिन चरनन सिग  दंडवत, जिनके कारे खेत |
उपजै कारी फसल पर, दिखतौ धन घर श्वेत ||38||

दीप जला खुशिया रहे, सोच हुआ उजियार |
यद्यपि भीतर है सखे, वास्तव में अँधियार ||12||


दीवाली शुभकामना, मिटे सकल अँधियार |
घर-घर में दीपक जले, फैले जग उजियार ||31
||


दोहा वजनी है वही, जिसमें पीड़ा दर्द |
दीन-दुखी सेवा करे, वो ही सच्चा मर्द ||14||

दोहे में ऐसे रहो, अलंकार अनुप्रास |
मैं हूँ या फिर तुम रहो, कोइ न फटके पास ||10||


दौड़-दौड़ कर थक गया, तृष्णा मिटी न क्लेश |
जितना चाहूँ मान, यश, उतनी पहुँचे ठेस ||19||

धनी चूसता है लहू, कहे उसे व्यापार |
रोटी देते श्रमिक को, करते ज्यों उपकार ||9||

धर्म-धर्म अब खेलते सारे धार्मिक खेल |
खुदा बन गए भक्त जब, कैसे हो तब मेल ||2||


नहिं समाज का हो भला, घर का कर अपमान 
चमन महक सकता भला, कलि को कर कुर्बान ||
 
नीके लागें चाम धन, नीका लागे मान |
प्यार नहीं जिनके हिया, जीवन माटी जान ||41||

नेता था पहले कभी, जग का तारणहार |
लेकिन अब तो वह करे, राजनीति व्यापार ||37||

प्रेम गली यदि साँकरी, प्रेम मार्ग पर आउ |
दो की क्या कहते भला, सिगरे हिया समाउ ||39||

प्रेम चासनी डुबोकर, मीठे बोलो बैन 
कुछ ऐसा करके चलो, आँसू हो हर नैन ||
 
पत्थर हैं सब शहर में, क्या मूरख, मूर्धन्य 
किस घर में महफूज हो, आइना बोलो 'शून्य' ||

पतझर के आगमन पर, सन्नाटे का शोर |
फूलों की जलती चिता, दर्द वृक्ष को घोर ||63||

पति-पत्नी के बीच का, रिश्ता बड़ा विचित्र |
कभी शहद कभी है सुरा, कभी प्याज कभी इत्र ||

पाप-पुण्य तो तू निरख, मैं देखूँ हिय चोट |
प्यासे को पानी मिले, भूखा पाए रोट ||34
||

पीड़ा, गम, दुःख, दर्द, तम, जलन, चीखता मौन |
मेरे घर सब आ गए, पता दे गया कौन ||15||

बट बन सकता बीज लघु, खोल न आँखें मूँद 
वर्षा में सरिता बने, मिल-मिल छोटी बूँद ||
 
बर्बादी के बीज बो, जिस्म जताए प्यार |
कैसे देगा साथ सुख, मिलते दर्द अपार ||54||

बात अगर दिल में मुखर, खींचो रेखाचित्र |
"खुला मंच" में आपका, स्वागत मेरे मित्र ||30
||

बाहर दहशत में रहूँ, भीतर जलती आग |
मौसम के बदले बिना, कैसे बदले राग ||4||


भाषण देने से नहीं, मिलता है भगवान |
सुनता वही पुकार है, दिल से दे इंसान ||56|| 

भूल चुका हूँ रास्ता, नहीं रहा अब होश |
क्या फायदा घर हो रहा, मेरा यदि जय घोष ||21||

मजहब लूटी है हिना, शीला लूटी धर्म |
मरहम तो लग जायगा, रोकेंगे कब कर्म ||6|

यहाँ सभी तो ढो रहे, अपना-अपना बोझ |
सच्चा मानव रखे जो, औरों के लिए सोच ||60||

राजनीति में छा रहे, लम्पट, कामी, धूर्त |
मेहनतकश कंगाल हैं, मारें मौज कपूत ||28
||


राजमार्ग को छोड़ कर, पगडंडी पर काव्य |
सरपट दौड़े अनवरत, द्रश्य, पठन या श्राव्य ||16||

रोज सजाता घर मगर, छा जाती है धूल |
दिल दुर्गन्ध को दूर कर, ईश चढ़ाओ फूल ||58||

लगता है अब अस्त रवि, छोड़ बजाना गाल |
छोटे होते जा रहे, छाया हुई विशाल ||51||

विद्या, प्रेम दोऊ भले, सब सारन को सार |
एक तजे दूजा घटे, दोउ जीतें संसार ||45||

वे होते सिरमौर हैं, जन करते गुणगान 
पैरों जिनके जमीं है, सोच में है आसमान ||
 
सदा मुहब्बत में रहा, मुँह से कहा न शब्द |
साफ़ सदा करता रहा, दिल पर छाई गर्द ||57||

सभी कहें मैं शून्य हूँ, बेमतलब, बेकार |
रिश्ते से फायदा नहीं, माने पर फनकार ||26||


साथ आमजन के रहा, लेकर द्रढ़ विश्वास |
अपनी कविता में मिले, पीड़ा का इतिहास ||47||

साहब दिखते हो भले, वह पाता है बैर 
मंजिल मिलती आपको, उसके छिलते पैर ||
 

सीधी सच्ची गैल चल, ईर्ष्या, घ्रणा न पास |
प्रेम दीप जलता ह्रदय, ईश्वर तहाँ निवास ||42||

शीशे का है दिल मिरा, जो झांके वो पाय |
दुश्मन ने तोड़ा नहीं, तोड़ गया इक यार ||22||

शुरू हो गयी हर जगह, अमन-चैन की बात |
लगता है फिर से कहीं, हिंसा ने की घात ||1||

हम मृत्यु से डर रहे, जीवन छाया खौफ |
केवल एक निदान है, ईश्वर-भक्ति शौक ||59||

हमने पूछा समय से, करो न क्यों आराम |
बोला सम्मुख लक्ष्य यदि, है आराम हराम ||52||


हाँक रहे क्यों डींग तुम, व्यर्थ गांधी-वाद |
खद्दरधारी ना दिखा, गाँधी जी के बाद ||11|
                                  - शून्य आकांक्षी